| |
|
|
प्रदेश में सायबर पुलिस स्टेशन की अनूठी
शुरूआत |
|
भोपाल.
मध्यप्रदेश पुलिस एक ओर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के
लिये सजगता से कर्त्तव्यों का निर्वहन कर रही है, वहीं सूचना
प्रौद्योगिकी की आधुनिक तकनीकों के जरिये होने वाले सायबर अपराधों पर
अंकुश लगाने पर भी सफलतापूर्वक कार्य कर रही है। गृह मंत्री उमाशंकर
गुप्ता ने कल गुरूवार को यहाँ पुलिस अनुसंधान और प्रशिक्षण केन्द्र (पीटीआरआई)
में मध्यप्रदेश स्टेट सायबर पुलिस द्वारा सायबर अपराधों की रोकथाम के
लिये तैयार किये गये न्यू जनरेशन वेब पोर्टल
www.mpcyberpolice.nic.in
का लेपटॉप पर क्लिक कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस
महानिदेशक एस.के. राउत ने की। प्रमुख सचिव गृह श्री अशोक दास विशेष
अतिथि थे।
गृह मंत्री श्री गुप्ता ने न्यू जनरेशन वेब पोर्टल शुरू करने पर बधाई
देते हुए उम्मीद जताई कि इस अनूठी पहल से प्रदेश में सायबर अपराधों
पर अंकुश लग सकेगा और अपराधियों को पकड़ने में कामयाबी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नयी परियोजनाओं और नवाचारों को शुरू करने के साथ-साथ
यह आवश्यक है कि उनकी विश्वसनीयता कायम हो और भविष्य में उनका लाभ
निरंतर आम लोगों तक पहुँचे। गृह मंत्री ने कहा कि संसाधनों की कमी के
बावजूद सायबर सेल ने अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण सफलता हासिल
की है। उन्होंने कहा कि सेल को सुदृढ़ बनाने के लिये हर-संभव सहयोग
दिया जायेगा।
प्रमुख सचिव गृह अशोक दास ने सायबर सेल की गतिविधियों की सराहना करते
हुए कहा कि देश के बहुत कम राज्यों में इस तरह के आधुनिक सेल की
व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग, पुलिस
बीट प्रणाली जैसे नवाचारों के जरिये लोगों में अपनी विश्वसनीयता कायम
की है। उन्होंने सायबर अपराधों और हैंकिंग की रोकथाम के संबंध में
विद्यार्थियों के लिये सायबर सेल के वेब पोर्टल पर ऑनलाइन प्रशिक्षण
की सुविधा उपलब्ध करवाने का सुझाव भी दिया।
पुलिस महानिदेशक श्री राउत ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी लोगों के
जीवन में सुखद बदलाव लाने का माध्यम बनी है। दूसरी ओर यह तकनीक
अपराधियों के लिये भी अपराधों का साधन बन गई है। उन्होंने कहा कि
सायबर क्राइम एक्ट बनने के बाद राज्य पुलिस द्वारा सायबर सेल की
स्थापना की गई। आम लोगों में सायबर अपराधों के प्रति जागरूकता आने से
इस तरह की शिकायतों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है, वहीं सेल ने
तेजी से ऐसे अपराधों को रोकने की नई-नई तकनीकों को अपनाकर अपराधियों
को सजा दिलाई है। श्री राउत ने उम्मीद जताई कि आवश्यक संसाधनों और
सुविधाओं की उपलब्धता से सायबर सेल अपने दायित्वों को सुचारु रूप से
सम्पन्न करने में सफल होगा।
प्रारंभ में पुलिस महानिरीक्षक सायबर सेल आर.के. मिश्रा ने न्यू
जनरेशन वेब पोर्टल की विशेषताओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने
बताया कि यह अनूठा वेब पोर्टल एक सायबर पुलिस थाने की भूमिका का
निर्वाह करेगा। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक इंटरनेट के जरिये घर
बैठे या किसी इंटरनेट कैफे के माध्यम से इंटरनेट फ्राड, जॉब फ्राड,
क्रेडिट कार्ड फ्राड इत्यादि विभिन्न सायबर अपराधों की शिकायत ऑनलाइन
दर्ज करा सकेंगे और ऑनलाइन ही जाँच की स्थिति का पता भी कर सकेंगे।
श्री मिश्रा ने बताया कि वेब पोर्टल पर शिकायतों का विवरण टेक्स्ट,
ऑडियो और वीडियो के माध्यम से भी दर्ज हो सकेगा। शिकायतकर्ता स्केन
की गई अन्य आवश्यक सूचनाएँ और जानकारियाँ भी अपलोड कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि तकनीकों के बदलाव के साथ-साथ अपराधों के स्वरूप
में भी बदलाव आया है। सायबर क्राइम के बारे में लोगों में जागरूकता
लाने और उनकी शिकायतों के यथाशीघ्र समाधान और अपराधियों की धर-पकड़ के
लिये मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सायबर सेल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायतों
को दर्ज करने की यह अनूठी व्यवस्था शुरू की गई है। कार्यक्रम में
मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अभियांत्रिकी महाविद्यालयों
के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
|
update:
Friday June 10, 2011 09:16 AM
game movie pic sms
Gift, mobile society online |
मुख्य पृष्ठ
|
|
|